कोडरमा में दर्दनाक हादसा — खेलते समय बाइक गिरने से मासूम की मौत
कोडरमा जिले के थाना क्षेत्र अंतर्गत कमेडीह गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। खेलते-खेलते एक चार वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय यादव के पुत्र प्रताप कुमार के रूप में हुई है।


परिवार के लोगों ने बताया कि प्रताप घर के आंगन में खड़ी एक मोटरसाइकिल के पास खेल रहा था। इसी दौरान उसने बाइक पर चढ़ने की कोशिश की, तभी बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह उसके ऊपर गिर पड़ी। हादसे में बच्चे के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। परिजनों ने तुरंत उसे कोडरमा सदर अस्पताल ले जाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
मृतक प्रताप अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। इस घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है। गांव के लोग भी इस हादसे से गमगीन हैं। परिजनों ने बताया कि प्रताप बहुत चंचल और होनहार था। खेल-खेल में हुई इस दर्दनाक दुर्घटना ने पूरे गांव को स्तब्ध कर दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

