Newsझारखण्ड

कोडरमा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के काफिले में तकनीकी बाधा, आधे घंटे तक रुका काफिला

 

कोडरमा जिले के झुमरीतिलैया बाइपास रोड पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जब झारखंड विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के काफिले में शामिल एक एस्कॉर्ट वाहन अचानक खराब हो गया। तकनीकी खामी के चलते सुरक्षा कारणों से पूरा काफिला सड़क किनारे रोकना पड़ा, जिससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

मिली जानकारी के अनुसार बाबूलाल मरांडी रांची से गिरिडीह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान तिलैया थाना क्षेत्र अंतर्गत सुभाष चौक के समीप रांची–पटना मुख्य मार्ग पर काफिले का एक सुरक्षा वाहन जवाब दे गया। वाहन में खराबी आते ही सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बरतते हुए काफिले को वहीं रोक दिया।

करीब आधे घंटे तक बाबूलाल मरांडी अपने काफिले के साथ मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान सुरक्षा बलों ने क्षेत्र में मोर्चा संभालते हुए यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को नियंत्रित किया, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

वाहन की मरम्मत पूरी होने के बाद काफिला पुनः अपने निर्धारित गंतव्य गिरिडीह के लिए रवाना हुआ। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या अन्य नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *