Newsझारखण्डसरायकेला

कोलाबाड़िया में सड़क हादसा: तेज रफ्तार हाइवा की चपेट में आने से बुजुर्ग की मौत, ग्रामीणों का हंगामा जारी

राजनगर थाना क्षेत्र के कोलाबाड़िया गांव में सोमवार दोपहर करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में 63 वर्षीय बुजुर्ग संतोष महंती की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, संतोष महंती अपने घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

 

हादसे के बाद गांव में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने हाइवा चालक का पीछा कर छेलकानी के पास पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। राजनगर थाना प्रभारी चंचल कुमार मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने की कोशिश की। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया, लेकिन ग्रामीण मुआवजा की मांग पर अड़े रहे और शव को उठाने से इनकार कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक वाहन मालिक मौके पर नहीं आता और उचित मुआवजा तय नहीं होता, वे शव नहीं उठने देंगे। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर टायर जलाए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि पीड़ित परिवार को न्याय और मुआवजा दिलाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *