Newsझारखण्ड

कोल्ड वेदर पेट्रोलिंग को लेकर ट्रैक मेंटेनर यूनियन ने रेल प्रशासन से की मांग  

 

 

चक्रधरपुर(प्रकाश कुमार गुप्ता): ऑल इंडिया रेलवे ट्रैक मेंटेनर यूनियन ने कोल्ड वेदर पेट्रोलिंग को लेकर दक्षिण पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर मंडल प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। यूनियन की ओर से वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय), चक्रधरपुर मंडल को ज्ञापन सौंपकर पेट्रोलिंग व्यवस्था में सुधार की मांग की गई है।

यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चांद मोहम्मद ने बताया कि कोल्ड वेदर पेट्रोलिंग के दौरान ट्रैक मेंटेनरों को कई तरह की समस्याओं का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की है कि पेट्रोलिंग बीट दो किलोमीटर के दायरे में ही निर्धारित की जाए। साथ ही इंजीनियरिंग विभाग में हाल के महीनों में नियुक्त नए ट्रैक मेंटेनरों से बिना प्रशिक्षण कराए पेट्रोलिंग न कराई जाए।

यूनियन ने यह भी कहा कि नए ट्रैक मेंटेनरों को कोल्ड वेदर पेट्रोलिंग में किसी अनुभवी ट्रैक मेंटेनर के साथ लगाया जाए। अप, डाउन और थर्ड लाइन में दो ट्रैक मेंटेनरों से पेट्रोलिंग कराई जाए, क्योंकि थर्ड लाइन में दोनों दिशाओं से ट्रेनों का आवागमन होता है।

ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया है कि रात्रि में पीडब्ल्यूआई कार्यालय से बार-बार पेट्रोल मैन का लोकेशन पूछे जाने से मानसिक दबाव बढ़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका रहती है। इसे तत्काल बंद करने की मांग की गई है। इसके अलावा पेट्रोल मैन को अपने निर्धारित सेक्शन के भीतर ही पेट्रोलिंग कराने की भी मांग की गई है।

यूनियन ने रेल प्रशासन से सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर सुरक्षित पेट्रोलिंग चार्ट बनाने की मांग की है, ताकि ट्रैक मेंटेनर सुरक्षित रहते हुए रेलवे ट्रैक की सुरक्षा कर सकें और ट्रेनों का संचालन सुचारू रूप से चलता रहे। इस ज्ञापन की प्रतिलिपि प्रिंसिपल चीफ इंजीनियर, गार्डन रीच कोलकाता तथा मंडल रेल प्रबंधक, चक्रधरपुर को भी भेजी गई है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *