Newsझारखण्ड

कोल्हान नितिर तुरतुंग चाईबासा केंद्र में प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए मॉक इंटरव्यू का आयोजन  

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): कोल्हान नितिर तुरतुंग लाइब्रेरी सह अध्ययन केंद्र, चाईबासा में रविवार को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय मॉक इंटरव्यू कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के भीतर इंटरव्यू से जुड़े डर को दूर करना और उनके आत्मविश्वास को बढ़ाना था।

 

इस मॉक इंटरव्यू में कोल्हान क्षेत्र के चक्रधरपुर, चाईबासा और कुचाई केंद्रों से कुल 102 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। छात्रों को वास्तविक इंटरव्यू जैसा अनुभव देने के लिए चार अलग-अलग कमरों में इंटरव्यू बोर्ड का गठन किया गया था।

 

इंटरव्यू बोर्ड में अनुभवी सदस्यों ने छात्रों का मूल्यांकन किया। रूम नंबर 1 में विश्वजीत दोराईबुरु और सुनीता सोय, रूम नंबर 2 में माझीराम जामुदा और गीता सवाइयां, रूम नंबर 3 में आजाद बोईपाई और शकुंतला बिरुआ तथा रूम नंबर 4 में जय सिंह कुंटिआ और शिव कुमारी अल्दा शामिल थे।

कार्यक्रम के सुचारू संचालन में कोऑर्डिनेटर के रूप में ज्ञान सिंह दोराईबुरु, प्रेम सिंह डांगिल, रबिन्द्र गिलुवा, हेमंत सामड, शैलेन्द्र सुंडी और गोपाल कृष्णा सोय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

अभ्यर्थियों का मूल्यांकन केवल विषय ज्ञान के आधार पर नहीं, बल्कि उनके संपूर्ण व्यक्तित्व को ध्यान में रखकर किया गया। मूल्यांकन के मुख्य बिंदुओं में परिचय और व्यक्तित्व, आत्मविश्वास, विषय ज्ञान और अभिवृत्ति शामिल रहे। इंटरव्यू के बाद बोर्ड सदस्यों ने सभी छात्रों को व्यक्तिगत रूप से फीडबैक दिया और कमियों में सुधार के लिए सुझाव दिए।

कार्यक्रम के दौरान एक विशेष अवसर भी देखने को मिला।

 

चाईबासा केंद्र के कार्यालय कार्यों को संभालने वाले विजय बनरा का चयन नाल्को में होने पर संस्थान की ओर से उन्हें विदाई दी गई। इस मौके पर उनके संघर्ष और मेहनत को सम्मान देते हुए उनके बड़े भाई और माता को भी सम्मानित किया गया। यह क्षण उपस्थित छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बना।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *