Newsझारखण्ड

क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले वाहनों पर परिवहन विभाग की कार्रवाई, दर्जनों पर जुर्माना  

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): शहर में क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर चलाए जा रहे वाहनों के खिलाफ जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार के निर्देश पर कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों और वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों को पूर्व में कई बार समझाने के बावजूद नियमों का पालन नहीं किए जाने के बाद की गई।

 

जिला परिवहन पदाधिकारी गौतम कुमार ने बताया कि जांच के दौरान कई वाहन निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी ले जाते पाए गए, जिस पर दंडात्मक कार्रवाई करते हुए दर्जनों वाहनों पर जुर्माना लगाया गया है। उन्होंने कहा कि खासकर विद्यार्थियों को लेकर चलने वाले वाहनों में लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने स्पष्ट किया कि छात्रों की सुरक्षा परिवहन विभाग की प्राथमिकता है। बच्चे देश का भविष्य हैं और उन्हें सड़कों पर सुरक्षित रखना सभी की नैतिक जिम्मेदारी है। ऐसे में नियमों की अनदेखी कर छात्रों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

 

जिला परिवहन पदाधिकारी ने यह भी बताया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जो भी वाहन चालक या स्वामी नियमों का उल्लंघन करते पाए जाएंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

उन्होंने सभी वाहन चालकों और वाहन स्वामियों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित क्षमता के अनुसार ही सवारी बैठाएं और यात्रियों, विशेषकर विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।

 

परिवहन विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस अभियान में आम जनता से भी सहयोग की अपील की गई है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *