कुड़मी महतो डॉक्टर्स एसोसिएशन का वनभोज सह मिलन समारोह संपन्न
जमशेदपुर।


कुड़मी महतो डॉक्टर्स एसोसिएशन की ओर से वनभोज सह मिलन समारोह का आयोजन पूड़ीसिल्ली-डोबो, कंदरबेड़ा स्थित दि नेचर वाइब्स रिसोर्ट में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत झारखंड आंदोलन के प्रतीक, महान समाजसेवी एवं दूरदर्शी नेता वीर शहीद निर्मल महतो की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने के साथ हुई।
इस अवसर पर डॉ. रामकृष्ण महतो को शहीद निर्मल महतो चिकित्सा महाविद्यालय, धनबाद के प्राचार्य पद पर पदस्थापित होने पर कुड़मी महतो डॉक्टर्स एसोसिएशन की ओर से पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही केक काटकर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
समारोह की शुरुआत डॉ. आलोक रंजन महतो एवं डॉ. पूनम मेहता द्वारा उपस्थित चिकित्सकों एवं अतिथियों के परिचय के साथ की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सुषमा रानी ने बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ अभियान पर जोर देते हुए समाज की बेटियों को शिक्षा के माध्यम से आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
जिला कुष्ठ परामर्शी, पूर्वी सिंहभूम डॉ. राजीव लोचन महतो ने कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए सभी को मिलकर सकारात्मक एवं सार्थक पहल करनी चाहिए। वहीं डॉ. विजय कुमार एवं डॉ. पंकज कुमार ने समाज की युवा पीढ़ी से नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज निर्माण में योगदान देने की अपील की।
मुख्य अतिथि डॉ. रामकृष्ण महतो ने अपने संबोधन में कहा कि युवाओं को समाज को जोड़ने तथा उसके उत्थान के लिए आगे आना चाहिए और सामाजिक जिम्मेदारियों को समझते हुए कार्य करना चाहिए।
मिलन समारोह में चाकुलिया के पूर्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुरेश चंद्र महतो, डॉ. शिप्रा कुमारी, डॉ. पंकज कुमार महतो, डॉ. रोमी महतो, डॉ. अनंत कुमार महतो, डॉ. विजय महतो, डॉ. पूनम मेहता, डॉ. आलोक रंजन महतो, डॉ. सुषमा रानी, डॉ. बसंत महतो, डॉ. प्रदीप महतो, डॉ. मीनू महतो, डॉ. रीता महतो एवं डॉ. राजीव लोचन महतो सहित कई चिकित्सक उपस्थित थे।

