कुचाई प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों में विधायक दशरथ गागराई ने किया पांच योजनाओं का शिलान्यास
खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने सोमवार को कुचाई के विभिन्न क्षेत्रों में कुल पांच योजनाओं का शिलान्यास नरियल फोड़कर व शिलापट्ट का अनावरण कर किया. विधायक श्री गागराई ने तिलोपदा पंचायत के लेप्सो गांव में विद्यालय भवन, रुगुडीह पंचायत के नीमडीह गांव के टोला सिमरपानी व चेतनटोला में दो पीसीसी सड़क, बिरागमडीह में विद्यालय भवन व बंदोलोहर पंचायत के पुतुलपीढ़ गांव में जहिरा स्थान घेराबंदी निर्माण कार्य का शिलान्यास किया.


इस दौरान उन्होंने कहा कि कुचाई के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में कई जगह स्कूल भवन जर्जर अवस्था में है. प्राथमिकता के आधार पर जर्जर स्कूल भवनों में नया भवन का निर्माण कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि शिक्षा ही एक ऐसा धन है, जिसे कोई छीन नहीं सकता. बिना शिक्षा के विकास की कल्पना भी नहीं की जा सकती. लेप्सो व बिरगामडीह विद्यालय में भवन की कमी थी. अब नया भवन बनने के बाद विद्यार्थियों को पढ़ाई में काफी सहायता मिलेगी. उन्होंने कहा कि जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता के तौर पर पूरा किया जा रहा है. कुचाई के पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत किया जा रहा है.

सड़कों के निर्माण से न सिर्फ लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, बल्कि इन गांवों के विकास भी तेज गति से होगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत मिलेगी. मौके पर सांसद प्रतिनिधि छोटराय किस्कू, मानसिंह मुंडा,विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र सिंह मुंडा, प्रखंड सचिव मुन्ना सोय, फागु मुंडा, पंचायत के मुखिया करम सिंह मुंडा, समाजसेवी बासंती गागराई, भरत सिंह मुंडा, रामचंद्र लोहार, कृष्णा सोय, बुधन लाल कुम्हार आदि उपस्थित थे.


