कुचाई पुलिस की बड़ी सफलता: जंगल में चल रही अवैध शराब यूनिट का भंडाफोड़
शुक्रवार को पुलिस को मिली गुप्त जानकारी के आधार पर ग्राम लोप्सो के जंगल इलाके में नकली शराब बनाने की आशंका पर विशेष छापेमारी की गई। कुचाई थाना से निकली टीम जैसे ही तय स्थान पर पहुँची, वहां मौजूद कुछ लोग पुलिस को देखते ही जंगल की ओर भाग निकले। सशस्त्र बल ने उनका पीछा किया, लेकिन घने जंगल का फायदा उठाकर सभी फरार होने में सफल रहे।


मौके से पुलिस ने प्लास्टिक बोतलों और जारों में भरा संदिग्ध लाल रंग का तरल पदार्थ, आठ बड़े ड्रमों में रखी स्प्रिट, तिरपाल, पैकिंग सामग्री और शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। शुरुआती जांच में सामने आया कि इस इलाके में बड़ी मात्रा में नकली विदेशी शराब तैयार कर बाजार में सप्लाई की तैयारी चल रही थी।

कुचाई थाना में कांड संख्या 49/2025 के तहत उत्पाद अधिनियम एवं संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है और अन्य संभावित स्थानों पर भी जांच जारी है।
बरामदगी से स्पष्ट है कि जंगल में एक संगठित अवैध शराब फैक्ट्री चल रही थी। यहां से एक स्कॉर्पियो वाहन, 80 पेटियों से अधिक विदेशी शराब, 20–20 लीटर वाले कंटेनरों में भरी अंग्रेजी शराब, 200 लीटर की क्षमता वाले आठ ड्रमों में स्प्रिट, खाली बोतलों के बोरे, ढक्कन, स्टिकर, कार्टन और अन्य पैकिंग सामग्री मिली है। कुल मिलाकर करीब 1020 लीटर तैयार शराब और लगभग 1600 लीटर स्प्रिट जब्त की गई है।
अभियान का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समीर कुमार सवैया ने किया। उनके साथ थाना प्रभारी नरसिंह मुंडा, पुलिस अवर निरीक्षक सामंत कुमार दास, तथा कुचाई थाना के सैट–2 के सशस्त्र जवान मौजूद थे। पुलिस ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान की जा रही है और गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है।

