Newsझारखण्डसरायकेला

कुकड़ू : चौड़ा में भाईचारे व श्रद्धा के साथ मनाया गया मुहर्रम का पर्व

 

चौड़ा मिल मैदान में दिखा लाठी खेल का अद्भुत नज़ारा 

 

    

ईचागढ़ : मुस्लिम समुदाय का त्याग, बलिदान और भाईचारे का प्रतीक पर्व मुहर्रम रविवार को बारिश के बीच कुकड़ू प्रखंड में पूरी आस्था, शांति और सौहार्द के साथ मनाया गया। इस अवसर पर चौड़ा गांव में विभिन्न गांवों के ताजिया और निशान के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। या अली, या हसन, या हुसैन के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा और श्रद्धा का वातावरण बन गया।

 

जुलूस का मुख्य केंद्र रहा चौड़ा मिल मैदान, जहां चौड़ा ऊपर टोला, माझी टोला सहित पश्चिम बंगाल के हुडूमदा और पाटाहेसल से ताजिया जुलूस शामिल हुए। पारंपरिक लाठी खेल ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया, जिसमें युवाओं ने तलवार, लाठी और भाले के साथ हैरतअंगेज प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कुकड़ू के अंचल अधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान और पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष भी खुद को रोक नहीं पाए और तलवार से करतब कर दर्शकों की तालियाँ बटोरीं।

 

जुलूस को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन सतर्क रहा। कुकड़ू सीओ सत्येंद्र नारायण पासवान, कुकड़ू बीडीओ राजश्री ललिता बाखला एवं तिरुलडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल लगातार निगरानी करता रहा। साथ ही जिला प्रशासन की ओर से अतिरिक्त होमगार्ड और दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति भी की गई थी। 

मुहर्रम के इस जुलूस में जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो, पूर्व जिप उपाध्यक्ष अशोक साव, उप प्रमुख मो. एकराम, मुखिया प्रतिनिधि रामलाल सिंह मुंडा समेत अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए और पर्व की गरिमा को बढ़ाया। इस दौरान मुहर्रम आखड़ा कमिटी के पदाधिकारियों ने अतिथिओं को पगड़ी देकर सम्मानित किया।

मालूम हो कि मुहर्रम की यह परंपरा कर्बला की ऐतिहासिक घटना और इस्लाम व इंसानियत की खातिर दी गई कुर्बानी की स्मृति में निभाई जाती है। मौके पर मुहर्रम कमिटी के लाइसेंसी अध्यक्ष शायेद अंसारी, उपमुखिया लाल मोहम्मद अंसारी, कांग्रेस युवा नेता मो. तनवीर आलम, एनामुल हक, अंसार अली, सफाई अंसारी, अंचल निरीक्षक गदाधर गोप, गौरांग प्रमाणिक, झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष इंद्रजीत महतो सहित हजारों लोग मौजूद थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *