Newsझारखण्डसरायकेला

कुकड़ू हाट मैदान में 27 अगस्त से गणेश पूजा महोत्सव, सुरक्षा व विधि-व्यवस्था को लेकर तिरुलडीह थाना प्रभारी ने की बैठक

 

 

ईचागढ़ : कुकड़ू में गणेश पूजा महोत्सव को लेकर तिरुलडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने मंगलवार को ग्रामीणों के साथ बैठक की। यह बैठक कुकड़ू पंचायत भवन परिसर में आयोजित हुई, जिसमें कुकड़ू के अलावा आसपास के सभी स्थानीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य 27 अगस्त से शुरू हो रहे हाट मैदान कुकड़ू के गणेश पूजा महोत्सव और मीना बाज़ार के दौरान शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था को सुनिश्चित करना था। थाना प्रभारी ने बताया कि आयोजन समिति के कुल 60 वॉलंटियर तैनात रहेंगे जिन्हें अलग-अलग समितियों में बांटकर जिम्मेदारी दी जाएगी ताकि श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे सहयोग और अनुशासन बनाए रखें ताकि यह महोत्सव केवल धार्मिक आस्था का ही नहीं बल्कि सांस्कृतिक और सामाजिक एकता का भी प्रतीक बन सके।

मालूम हो कि 27 अगस्त को सुबह सात बजे पूजा प्रारंभ होगी और प्रसाद वितरण के बाद शाम चार से आठ बजे तक रामायण पाठ का आयोजन होगा। 28 अगस्त को शाम पांच से नौ बजे तक भजन संध्या आयोजित होगी। 29 अगस्त को शाम पांच से आठ बजे तक डांस प्रतियोगिता रखी गई है। 30 अगस्त को हेमलता दास की संगीतमय संध्या शाम छह से रात साढ़े दस बजे तक होगी। 01 सितम्बर को जमशेदपुर का त्रिलोचन डांस एंड ग्रुप रात नौ बजे से रात दो बजे तक बुगी बुगी डांस धमाका प्रस्तुत करेगा। वहीं 03 सितम्बर को कुंदन कुमार नाइट का आयोजन रात नौ बजे से रात एक बजे तक होगा। पूरे सप्ताह चलने वाला यह गणेश पूजा महोत्सव श्रद्धा, भक्ति, भजन, नृत्य और संगीत के साथ-साथ मीना बाज़ार की रौनक से सजेगा।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *