कुष्ठ रोग को लेकर जमशेदपुर में जागरूकता की अनोखी पहल
कुष्ठ रोग के प्रति फैली भ्रांतियों को दूर करने के उद्देश्य से सासाकावा-इंडिया लेप्रोसी फाउंडेशन (S-ILF) की ओर से रविवार को एक जागरूकता बाइक रैली निकाली गई। रैली का शुभारंभ बाराद्वारी स्थित पीपुल्स एकेडमी से हुआ, जो गोलमुरी, साकची, बिष्टुपुर, पीजेपी मॉल, स्टेट माइल रोड और जुबिली पार्क होते हुए गांधी आश्रम पहुंचकर समाप्त हुई।


हेलमेट और ट्रैफिक नियमों का पालन करते हुए निकली यह रैली पूरे रास्ते लोगों को यह संदेश देती रही कि कुष्ठ रोग पूरी तरह से इलाज योग्य है और इसके प्रति फैली गलत धारणाएँ खत्म की जानी चाहिए।

रैली में S-ILF के CEO श्री गौरव सेन, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, राज्य कोऑर्डिनेटर सैमुअल हांसदा, APAL India के उपाध्यक्ष जवाहर राम पासवान, स्टेट लीडर मोहम्मद जैनुद्दीन और झारखंड लीडर मधुसूदन तिवारी समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।
RKMC जमशेदपुर के पिंकी पाजी, आलोक भाई, विनय जी, राजा पाजी और ‘जोड़ी राइडर्स’ की टीम ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। शहर के कई कुष्ठ आश्रमों के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम को गरिमामय बनाया।
CEO श्री गौरव सेन ने बताया कि संस्था देश के 21 राज्यों में आजीविका, छात्रवृत्ति और ड्रेसिंग किट वितरण जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से कुष्ठ प्रभावित परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है।
राइडर्स ने रास्ते भर लोगों से अपील की कि कुष्ठ प्रभावित व्यक्तियों के साथ सम्मान का व्यवहार करें और समय पर जांच एवं उपचार को बढ़ावा दें। रैली शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।

