लैंप्स गोदाम निर्माण में अनियमितता का आरोप, उपायुक्त को सौंपा ज्ञापन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिम सिंहभूम जिले में 100 मीट्रिक टन क्षमता वाले लैंप्स गोदामों के निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री हेमन्त कुमार केशरी ने उपायुक्त, पश्चिम सिंहभूम को ज्ञापन सौंपा है।


ज्ञापन में कहा गया है कि जिले में लगभग 35 लाख 11 हजार 500 रुपये की लागत से 18 लैंप्स गोदामों का निर्माण किया जाना है। इनमें से बड़ा लागिया और पंडाबीर में गोदाम निर्माण कार्य प्राक्कलन के अनुरूप नहीं किए जाने की लिखित शिकायत 29 अप्रैल 2025 को उपायुक्त कार्यालय में की गई थी, लेकिन अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी नहीं दी गई है। साथ ही अन्य 16 स्थानों पर बनने वाले लैंप्स गोदामों की भौतिक स्थिति की भी कोई जानकारी उपलब्ध नहीं कराई गई है।
उन्होंने बताया कि जानकारी के अनुसार समेकित सहकारी विकास परियोजना कोषांग, रांची द्वारा कार्य एजेंसी को सभी 18 लैंप्स गोदामों का निर्माण 21 अगस्त 2025 तक पूर्ण करने का कार्यादेश दिया गया था। इसके बावजूद कार्य समय पर और प्राक्कलन के अनुसार पूरा नहीं होना गंभीर अनियमितता को दर्शाता है।
ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि गोदामों की कमी के कारण जिले में धान खरीद के दौरान किसानों को नुकसान हो रहा है, जो लापरवाही को दर्शाता है। उन्होंने उपायुक्त से मामले की जांच कर कार्रवाई की जानकारी देने तथा यह स्पष्ट करने की मांग की है कि कार्य अवधि का विस्तार दिया गया है या नहीं।
हेमन्त कुमार केशरी ने कहा कि यदि इस जनहित के मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो वे इसकी शिकायत केंद्रीय सहकारिता मंत्री, दिल्ली से करने को बाध्य होंगे।

