लारसन क्लब ने एमसीसी को हराकर फाइनल में बनाई जगह, खिताबी मुकाबला 27 दिसंबर को
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के तत्वावधान में चल रही 32वीं एस आर रूंगटा ए-डिवीजन लीग, 2025-26 के अंतिम लीग मैच में लारसन क्लब ने मिडिलसेक्स क्रिकेट क्लब (एमसीसी) को 135 रनों से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब फाइनल मैच में लारसन क्लब का मुकाबला यंग झारखंड क्रिकेट क्लब से शनिवार 27 दिसंबर को होगा।


बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में लारसन क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 35 ओवर में छह विकेट के नुकसान पर 280 रनों का स्कोर बनाया। जन्मजय सिंह यादव ने 137 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। हिमांशु पांडेय ने 45 और देवांश शुक्ला ने 35 रन बनाए।
जवाब में एमसीसी की टीम 23.1 ओवर में केवल 145 रनों पर सिमट गई। लारसन क्लब के सचिन भाटी ने तीन, विनय यादव और फैजानुल रहमान ने दो-दो विकेट लिए।
पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि फाइनल मैच और पुरस्कार वितरण समारोह 27 दिसंबर को होगा। मुख्य अतिथि उपायुक्त चंदन कुमार और उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगे। वहीं, झारखंड सीनियर टीम द्वारा जीती गई सैयद मुश्ताक अली ट्राफी भी समारोह में चाईबासा लायी जाएगी।

