लातेहार: बेतर गांव में जेसीबी और ट्रैक्टर में आग, नक्सली या आपराधिक साजिश पर पुलिस जांच
लातेहार, चंदवा: जिले के बेतर गांव में बीती रात अज्ञात लोगों ने निर्माणाधीन निजी कॉलेज परिसर में खड़े एक जेसीबी और एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। दोनों वाहन पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि घटना नक्सली तत्वों की है या किसी आपराधिक गिरोह की साजिश।


स्थानीय प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात कुछ लोग कॉलेज परिसर में घुसे और वाहनों में आग लगा दी। सूचना मिलने पर पुलिस पिकेट की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी फरार हो चुके थे। कॉलेज परिसर में मौजूद मजदूरों और ग्रामीणों ने पानी और बालू डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक दोनों वाहन बुरी तरह जल चुके थे।
सूत्रों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से नक्सली रंगदारी की मांग कर रहे हैं, लेकिन घटना स्थल पर किसी भी तरह का नक्सली पर्चा या पोस्टर नहीं मिला। इस कारण जांच जारी है।
लातेहार के डीएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि घटना की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को पकड़कर जल्द कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बेतर गांव रांची और लोहरदगा जिलों की सीमा पर स्थित एक दुर्गम क्षेत्र है, इसलिए पुलिस ने वहां पिकेट स्थापित किया है, ताकि भविष्य में आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण रखा जा सके।

