लातेहार में टायर फटने से चालक की मौत, रेलवे फाटक बंद रहने से एंबुलेंस देर से पहुंची
लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हुआ। भूषाढ़ नदी के पास गैस सिलेंडर लदे वाहन (यूपी 25 एफटी 6839) का टायर पंचर हो गया। चालक उमाशंकर सहाय (40) उसे मरम्मत के लिए दुकान की ओर ले जा रहे थे, तभी टायर अचानक जोरदार धमाके के साथ फट गया। इस विस्फोट से उमाशंकर गंभीर रूप से घायल हो गए और वहीं गिर पड़े।


पास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस रवाना हुई, लेकिन टोरी रेलवे फाटक बंद होने के कारण आधे घंटे तक रास्ते में ही रुकी रही। स्थानीय लोगों ने कहा कि अगर एंबुलेंस समय पर पहुंचती, तो चालक की जान बचाई जा सकती थी। फाटक खुलने के बाद एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची और उमाशंकर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक उमाशंकर सहाय नवादा (बिहार) के गोनावा, गोंदापुर स्थित जल मंदिर इलाके के निवासी थे और राजेश्वर प्रसाद के पुत्र थे। स्थानीय लोगों के अनुसार, उमाशंकर लंबे समय से भारी वाहनों पर कार्यरत थे और हादसे के समय अकेले ही टायर बदलने की तैयारी कर रहे थे। इस हादसे से उनके परिवार पर गहरा शोक और दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना ने इलाके में सुरक्षा और एंबुलेंस सेवा की तत्परता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

