Newsझारखण्ड

मंत्री दीपक बिरुवा ने कंपनी प्रबंधन को सकारात्मक पहल करने का दिया निर्देश  

 

 

चिड़िया माइंस के 245 छंटनीग्रस्त मजदूरों की बहाली की उठी मांग

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): मनोहरपुर प्रखंड अंतर्गत चिड़िया माइंस में 245 छंटनीग्रस्त मजदूरों को पुनः काम पर रखने की मांग को लेकर झारखंड मजदूर संघर्ष संघ के रामा पांडे के नेतृत्व में मंगलवार को मजदूरों का एक प्रतिनिधिमंडल मंत्री दीपक बिरुवा से मिला। इस दौरान मजदूरों ने मंत्री को अपनी विभिन्न समस्याओं से संबंधित एक मांग पत्र सौंपा।

 

मजदूरों ने बताया कि ठेका कंपनी एनएसपीएल और सेल प्रबंधन की मिलीभगत के कारण पिछले चार महीनों से 245 मजदूर बेरोजगार हैं। मजदूरों का कहना है कि लंबे समय से काम नहीं मिलने के कारण उनके सामने भूखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गई है और वे अपने परिवार का भरण-पोषण करने में असमर्थ हो गए हैं। मजदूरों ने आरोप लगाया कि लगातार मांग के बावजूद विभिन्न कारणों का हवाला देकर उन्हें अब तक काम पर वापस नहीं लिया गया।

मजदूरों ने यह भी बताया कि इस मामले को लेकर कई बार बैठकें हुईं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकल सका है। यहां तक कि ठेका कंपनी एनएसपीएल और सेल प्रबंधन स्थानीय विधायक की बात भी नहीं सुन रही है।

 

इस मौके पर मंत्री दीपक बिरुवा ने जिला उपायुक्त चंदन कुमार समेत कंपनी प्रबंधन के पदाधिकारियों से मोबाइल पर बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली। मंत्री ने कंपनी प्रबंधन को इस विषय में सकारात्मक पहल करने का निर्देश दिया। वहीं कंपनी प्रबंधन की ओर से जल्द ही ठोस कदम उठाने और सकारात्मक पहल करने का आश्वासन दिया गया।

मंत्री के इस हस्तक्षेप पर मजदूरों ने खुशी जताई और उनके प्रति आभार जताया।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *