मारवाड़ी युवा मंच द्वारा स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): मारवाड़ी युवा मंच चाईबासा शाखा की ओर से रविवार को शहीद पार्क गेट के समीप प्राथमिक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर सुबह 6:30 बजे से 8:30 बजे तक चला। शिविर के लिए सिविल सर्जन द्वारा सदर अस्पताल के कर्मचारियों की नियुक्ति की गई थी।


शिविर में कुल 27 लाभार्थियों की शुगर, ब्लड प्रेशर, हाइट, वजन एवं पल्स की जांच की गई। जांच के दौरान छह लाभार्थियों का शुगर स्तर अधिक पाया गया, जिन्हें इसे नियंत्रित करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।
मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष आशीष चौधरी ने बताया कि यह स्वास्थ्य जांच शिविर प्रत्येक माह के तीसरे या चौथे रविवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। साथ ही भविष्य में शिविर में जांच की सुविधाओं को और बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में संयोजक मोहित अग्रवाल, आशीष कुमार चौधरी, आदित्य राज अग्रवाल सहित मंच के अन्य सदस्य उपस्थित थे।

