मासूम की लाश थैली में ले जाने के मामले में सदर अस्पताल में भाजपा का धरना
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नोआमुंडी प्रखंड के बाल जोड़ी गांव के एक आदिवासी पिता को अपनी चार माह की बच्ची की मृत्यु के बाद शव वाहन नहीं मिलने पर थैली में शव लेकर बस से गांव जाने के मामले को लेकर रविवार को सदर अस्पताल परिसर में भाजपा की ओर से धरना-प्रदर्शन किया गया। धरना का नेतृत्व जिला अध्यक्ष संजय पांडे ने किया।


धरना-प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। इस अवसर पर पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि सरकार आदिवासी हितों की बात करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि इलाज के बाद शव ले जाने तक की समुचित व्यवस्था नहीं है। उन्होंने इसे स्वास्थ्य व्यवस्था की विफलता बताया।
गीता कोड़ा ने कहा कि डीटीओ कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में 40 एंबुलेंस और दो शव वाहन उपलब्ध हैं, जबकि अस्पताल प्रबंधन कम संसाधन होने की बात कह रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब संसाधन कागजों में मौजूद हैं तो जरूरतमंदों को इनका लाभ क्यों नहीं मिल रहा है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन और स्वास्थ्य विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया।
धरना-प्रदर्शन में राकेश बबलू शर्मा, मुकेश सिंह, भूषण पाट पीगुवा, गीता बालमुचू, सुमन गागराई, राकेश पोद्दार, प्रताप कटियार, महतो रूप दास, राजश्री बानरा, कामेश्वर विश्वकर्मा, अंगद साव सहित सैकड़ों की संख्या में भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।

