महाशिवरात्रि पर मंदिरों में पहुंचे अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव, शहर की सुख-शांति की कामना की
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में सरगर्मी तेज हो गई है। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर विभिन्न पदों के प्रत्याशी बाबा भोलेनाथ के मंदिरों में पहुंचकर पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं। इसी क्रम में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव भी अपने समर्थकों के साथ चाईबासा के विभिन्न शिव मंदिरों में पहुंचे और विधिवत पूजा कर शहर की खुशहाली की कामना की।


मंदिर परिसर से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में सुनील प्रसाद साव ने कहा कि महाशिवरात्रि का दिन अत्यंत पावन होता है। उन्होंने बाबा भोलेनाथ से चाईबासा शहर, जिले, राज्य और देश सहित पूरे विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि यदि उन्हें जनता का आशीर्वाद मिलता है तो वे पूरी निष्ठा के साथ शहर की सेवा करेंगे।
उन्होंने आगे कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य शहर की समस्याओं का समाधान करना है। खासकर महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर की आधी आबादी महिलाओं का सहयोग और आशीर्वाद उन्हें मिल रहा है, जो उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने महिलाओं के सपनों को साकार करने का संकल्प दोहराया।
बुजुर्गों के संबंध में उन्होंने कहा कि शहर में उनके लिए विशेष सुविधाओं का अभाव है। वे बुजुर्गों के लिए बेहतर व्यवस्था करने की दिशा में सार्थक प्रयास करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि नगर परिषद चाईबासा में कई पद खाली पड़े हैं। उन पदों पर शहर के योग्य युवाओं को अवसर दिलाने की कोशिश की जाएगी, ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके।
सुनील प्रसाद साव ने दावा किया कि उन्हें चाईबासा के सभी समुदायों और समाज के लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है। मंदिर भ्रमण के दौरान उनके साथ सैकड़ों समर्थक मौजूद थे, जिन्होंने उनका उत्साहवर्धन किया।

