Newsझारखण्डसरायकेला

महात्मा गांधी जयंती पर कोल्हान रक्षा संघ ने चलाया स्वच्छता अभियान, खिलाड़ियों को बांटी शर्ट

 

अनुशासन और स्वच्छता को जीवन में अपनाएं – डिबार जोकों

 

खरसावां:

महात्मा गांधी की 156वीं जयंती के अवसर पर शनिवार को कोल्हान रक्षा संघ की ओर से खूंटपानी के भोया फुटबॉल मैदान में स्वच्छता अभियान चलाया गया। गांधीजी के स्वच्छता संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में दर्जनों सदस्य, स्थानीय युवा, खिलाड़ी और गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

 

सुबह 7 बजे से शुरू हुए अभियान में सभी ने मिलकर झाड़ू लगाई, कूड़ा उठाया और मैदान के आस-पास की साफ-सफाई की। कार्यक्रम के दौरान 74 फुटबॉल टीमों के खिलाड़ियों को शर्ट वितरित कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया।

 

इस अवसर पर कोल्हान रक्षा संघ के अध्यक्ष डिबार जोकों ने कहा कि महात्मा गांधी का सपना था स्वच्छ भारत, और इस दिशा में हर वर्ष यह अभियान चलाकर संगठन समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि “अनुशासन और स्वच्छता दोनों ही व्यक्ति के जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खिलाड़ी इन दोनों मूल्यों को अपनाकर समाज के लिए प्रेरणा बन सकते हैं।”

 

सचिव मानसिंह हेम्ब्रम ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य गांधीजी के स्वच्छता संदेश को लोगों तक पहुंचाना और नगर को स्वच्छ, सुंदर एवं रोगमुक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि स्वच्छता ही राष्ट्र निर्माण का मूल मंत्र है और कोल्हान रक्षा संघ इस विचार को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

 

कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय खिलाड़ियों ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से न केवल सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है, बल्कि खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन भी मिलता है।

 

इस अवसर पर डिबार जोकों, मानसिंह हेम्ब्रम, पुनम हेम्ब्रम, रविन्द्र मंडल, सिदेश्वर सवैया, पोरेश नायक, जय सिंह हेम्ब्रम, धनेश्वर हेम्ब्रम, विमल साहु, शिवनंद किस्कू, इन्द्र हेम्ब्रम, साधो ईचागुटू, नूनाराम माझी, अनन्तराम टुडू, कार्तिक परीक्षा, कृष्णा चन्द्र हेम्ब्रम, दामोदर सिंह हांसदा, लक्ष्मण टूडू, चन्द्रमोहन मुर्मू समेत कई लोग उपस्थित थे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *