महिला सुरक्षा को लेकर राजनगर में चला जागरूकता अभियान
राजनगर, 6 अक्टूबर : महिला अपराधों की रोकथाम, नियंत्रण और सुरक्षा को लेकर सोमवार को राजनगर के एसएस +2 उच्च विद्यालय में जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावाँ के निर्देश पर आयोजित किया गया, जिसकी अगुवाई परीक्ष्यमान पुलिस उपाधीक्षक पूजा कुमारी ने की।


कार्यक्रम में महिला थाना प्रभारी एसआई कुमारी तिलोत्मा और राजनगर थाना प्रभारी चंचल कुमार भी मौजूद रहीं।
इस दौरान छात्र-छात्राओं और ग्रामीण महिलाओं को महिला अपराधों से संबंधित कानूनों, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह रोकथाम, नशा मुक्ति अभियान, और महिलाओं के लिए बने कानूनी अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
साथ ही, साइबर फ्रॉड से बचाव हेतु टोल फ्री नंबर 1930, आपातकालीन सेवा डायल-112, तथा अफीम और गांजा की अवैध खेती की रोकथाम जैसे विषयों पर भी लोगों को जागरूक किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता अभियान का उद्देश्य समाज में महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना और युवाओं को कानून की जानकारी देना है, ताकि वे किसी भी अपराध की स्थिति में सजग रह सकें।

कार्यक्रम में एसआई दीवाकर कुमार, आरक्षी कृपा भेंगरा, आरक्षी अंजली मुर्मू, और आरक्षी लखपति उरांव भी उपस्थित थे।
पुलिस ने इस दौरान अपील की कि किसी भी प्रकार की घटना या अपराध की सूचना तुरंत डायल-112 या निकटतम थाने में दें।

