महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु उपायुक्त ने किया सिलाई मशीनों का वितरण
सरायकेला-खरसावाँ, 23 सितंबर 2025: विशेष केंद्रीय सहायता योजना के अंतर्गत महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उनकी आय में वृद्धि के उद्देश्य से मंगलवार को समाहरणालय सभा कक्ष में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह ने 15 महिलाओं के बीच प्रतीकात्मक रूप से सिलाई मशीनों का वितरण किया।


इसी क्रम में जिले के विभिन्न प्रखंडों में आज कुल लगभग 50 सिलाई मशीनें वितरित की गईं। योजना के तहत जिले की 136 चयनित महिलाओं को सिलाई मशीन उपलब्ध कराई जानी है, जिसके लिए लाभुकों का चयन पहले ही कर लिया गया है।

इस अवसर पर उपायुक्त ने लाभुक महिलाओं से संवाद स्थापित कर मशीन के सदुपयोग से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की और उन्हें आय वृद्धि एवं सशक्तिकरण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नारी सशक्तिकरण की दिशा में जिला प्रशासन निरंतर प्रयासरत है।
श्री सिंह ने महिलाओं से अपील की कि वे मशीनों का बेहतर उपयोग कर अपनी आय में वृद्धि करें और अन्य महिलाओं को भी सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला परियोजना प्रबंधक JSLPS पंकज कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

