मिनी शराब फैक्ट्री भांडाफोड़
ईचागढ़ : सरायकेला-खरसावां जिले में दुर्गा पूजा से पहले पुलिस ने नकली अंग्रेजी शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई नीमडीह थाना क्षेत्र के तेतलो गांव में की गई, जहां से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।


सरायकेला खरसावां जिला के एसपी मुकेश कुमार लूणायत के निर्देश पर चांडिल एसडीपीओ अरविंद कुमार बिंहा के नेतृत्व में नीमडीह थाना पुलिस ने गांव तेतलो में अशोक गोप उर्फ वीडियो गोप के घर पर छापा मारा। इस दौरान घर के बाहर खड़े टेंपो से नकली अंग्रेजी शराब की खेप बरामद की गई। मौके से भादुडीह निवासी निरंजन गोराई और जमशेदपुर के हलुदबनी निवासी प्रकाश कुमार गुप्ता को गिरफ्तार किया गया।
वहीं, पुलिस ने छापेमारी में विभिन्न ब्रांड की 458 नकली बोतलें, करीब 100 लीटर स्प्रिट, शराब पैकिंग में इस्तेमाल होने वाले लेबल, ढक्कन, झारखंड सरकार का नकली लोगो वाला स्टीकर और बजाज मैक्सिमा टेंपो जब्त किया गया। इसकी पुष्टि चांडिल एसडीपीओ अरविंद कुमार बिंहा ने किया। इस दौरान नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी, सर्किल इंस्पेक्टर रामानंद रजक मौजूद थे।


