LatestNewsNews postझारखण्ड

मझगांव में हाथियों के हमले से युवक की मौत, क्षेत्र में दहशत*

चाईबासा :- प्रकाश कुमार गुप्ता 

मझगांव: प्रखंड के सादमासाई गांव में गुरुवार को हाथियों के हमले में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजू पुरती (पिता मालो पुरती) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में भय और शोक का माहौल फैला हुआ है।

 

जानकारी के अनुसार, घाघरबेड़ा थाना क्षेत्र जिला मयूरभंज ओडिशा में सुबह करीब 11 बजे हाथियों का एक झुंड गांव के खेतों में घुस आया। फसलों को नुकसान से बचाने के लिए कुछ युवक हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने पहुंचे थे। इसी दौरान झुंड ने अचानक पलटकर हमला कर दिया। इस अफरातफरी में राजू पुरती फिसलकर गिर पड़ा और उठने से पहले ही एक हाथी ने उसे कुचल दिया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को देखकर अन्य युवक जान बचाकर भागे।

 

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड क्षेत्र में लगातार घूम रहा है। रात होते ही लोग घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं और फसलों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

 

सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर विधिक प्रक्रिया पूरी की। विभाग ने मृतक के परिजनों को वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मिलने वाली सहायता राशि देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही टीम ने लोगों से हाथियों के पास न जाने और सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की।

 

स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन से मांग की है कि हाथियों की बढ़ती गतिविधियों पर नियंत्रण के लिए नियमित पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाए और मृतक परिवार को शीघ्र मुआवजा दिया जाए। जिले में पिछले कुछ वर्षों से मानव–हाथी संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे ग्रामीणों में चिंता गहराती जा रही है।

 

मझगांव थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार के अनुसार उड़ीसा के घाघरबेड़ा, पश्चिम सिंहभूम के मझगांव क्षेत्र एवं जगन्नाथपुर क्षेत्र में कल 22 हाथियों का झुंड पिछले एक सप्ताह से घूम रहे हैं, उनके साथ दो बच्चे भी हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *