मकर संक्रांति पर गेगेरूली में सजा टुसू मेला, लोक संस्कृति और परंपरा की दिखी झलक
मकर संक्रांति के उपलक्ष्य पर सरायकेला जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत गेगेरूली गांव में बुधवार को विशाल टुसू मेला का भव्य आयोजन किया गया। मेले में मुख्य अतिथि के रूप में सरायकेला विधानसभा क्षेत्र से झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) पार्टी के पूर्व प्रत्याशी प्रेम मार्डी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला परिषद सदस्य अमोदिनी महतो उपस्थित रहीं।


अतिथियों ने पारंपरिक रीति-रिवाज एवं पूजा-अर्चना के साथ मेले का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि टुसू मेला झारखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा एवं सामाजिक एकता का प्रतीक है, जिसे पीढ़ी दर पीढ़ी सहेजकर रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।

मेले में विभिन्न गांवों से आए कलाकारों द्वारा टुसू गीत, पारंपरिक नृत्य एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसने उपस्थित दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं एवं युवतियों की सहभागिता ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया।
मेले में आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। बच्चों के मनोरंजन के लिए स्थानीय दुकानों की भी व्यवस्था की गई थी। आयोजन को सफल बनाने में ग्राम समिति, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय युवाओं की सराहनीय भूमिका रही।

इस अवसर पर ग्राम प्रधान बैजनाथ महतो, सुभाशीष देवी, समाजसेवी वीरेन्द्र महतो सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
मेले के दौरान आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार (₹11,000) जय श्री राम क्लब, डूंगरीडीह को प्रदान किया गया, जिसके अध्यक्ष अंगद महतो हैं। द्वितीय पुरस्कार (₹8,500) श्री श्री बजरंग बली कमेटी, पदनामसाईं को तथा तृतीय पुरस्कार (₹6,500) श्री श्री सार्वजनिक लक्ष्मी पूजा कमेटी, आमडीह को दिया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीण राजू महतो, रविन्द्र महतो, रंजन महतो, राकेश महतो, राजेश महतो, अर्जुन महतो, शीशी महतो, मुकेश महतो, कार्तिक महतो एवं चितरंजन महतो सहित अन्य ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा।


