मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ऑस्ट्रेलियाई हाई कमिश्नर की शिष्टाचार मुलाकात
मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में ऑस्ट्रेलिया के हाई कमिश्नर फिलिप ग्रीन ओएएम ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस अवसर पर दोनों देशों के बीच आपसी सहयोग, विकास और समकालीन मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई।


मुलाकात में हाई कमिश्नर के साथ अंतरराष्ट्रीय कानून की प्रोफेसर सुशान मार्क्स, फर्स्ट सेक्रेटरी टॉम सैंडरफोर्ड और सीनियर इकोनॉमिक रिसर्च ऑफिसर अनघा भी मौजूद थीं। बैठक में झारखंड में निवेश की संभावनाओं, आर्थिक सहयोग, शिक्षा और शोध क्षेत्र में साझेदारी पर विचार-विमर्श हुआ।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की विकास प्राथमिकताओं और अवसरों को हाई कमिश्नर के सामने रखा और बताया कि झारखंड निवेश, शिक्षा और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक और आर्थिक विकास के व्यापक अवसर हैं, जिन्हें अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के माध्यम से बढ़ाया जा सकता है।
मुलाकात सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और दोनों पक्षों ने भविष्य में आपसी सहयोग और साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। झारखंड-ऑस्ट्रेलिया संबंधों को और विकसित करने के लिए यह बैठक एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

