नाम बदलकर श्रेय लेने की राजनीति अब नहीं चलेगी : त्रिशानु राय
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला कांग्रेस के प्रवक्ता त्रिशानु राय ने शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि देश की जनता अब भली-भांति समझ चुकी है कि भाजपा विकास की नहीं, बल्कि योजनाओं के नाम बदलकर राजनीतिक श्रेय लेने की राजनीति कर रही है।


त्रिशानु राय ने कहा कि यूपीए सरकार के कार्यकाल में शुरू की गई दर्जनों जनकल्याणकारी योजनाओं को केवल नया नाम देकर पेश किया गया है, जबकि उन योजनाओं की मूल सोच, ढांचा और लाभार्थी वही रहे हैं। उन्होंने इसे भाजपा की “नाम बदलो–श्रेय लो” नीति का स्पष्ट उदाहरण बताया।
उन्होंने कहा कि मनरेगा, इंदिरा आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना, राष्ट्रीय पोषण कार्यक्रम और जन औषधि योजना जैसी कांग्रेस सरकार की ऐतिहासिक योजनाओं को अलग-अलग नाम देकर जनता को गुमराह करने का प्रयास किया गया है।
त्रिशानु राय ने कहा कि भाजपा बदलाव की बात तो करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि वह कांग्रेस काल की नीतियों और योजनाओं पर ही सवार होकर राजनीति कर रही है, बिना यह स्वीकार किए कि इन योजनाओं की नींव किसने रखी।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार विकास के बजाय केवल नामकरण और प्रचार में उलझी हुई है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा गरीब, किसान, महिला, मजदूर और वंचित वर्ग को केंद्र में रखकर नीतियां बनाई हैं, जबकि भाजपा की राजनीति ब्रांडिंग तक सीमित है। उन्होंने दो टूक कहा कि देश को नाम बदलने के तमाशे की नहीं, बल्कि रोजगार, महंगाई पर नियंत्रण, सामाजिक न्याय और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा की जरूरत है। कांग्रेस सच्चे विकास और सच्चाई की राजनीति करती रहेगी।

