Newsझारखण्ड

नौकरी के नाम पर ठगी 

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): टाटा स्टील में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक द्वारा बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि सूर्य प्रताप सिंह नाम के व्यक्ति ने खुद को टाटा स्टील का आरबीसीबीडी वेंडर बताते हुए सैकड़ों लोगों से ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन के नाम पर पैसे वसूले और फिर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, सूर्य प्रताप सिंह ने प्रति व्यक्ति 1075 रुपये रजिस्ट्रेशन शुल्क लेने की बात कही। उसने भुगतान के लिए ज्योति कुमार के नाम से जारी एक क्यूआर कोड दिया, जिसके जरिए कुल 674 लोगों से पैसे ट्रांसफर कराए गए। इस तरह करीब 7 लाख 24 हजार रुपये की ठगी हुई।

मझगांव थाना क्षेत्र के खड़पोस गांव निवासी नरेश दास ने इस मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक अमित रेणु से की है। नरेश दास के अनुसार, उन्होंने खुद 250 लोगों का रजिस्ट्रेशन कराया था। इसके अलावा भवानी शंकर पान, लाल सिंह सिंकु, महेश दास, राजू सोरेन, दोमन मुर्मु और भगवान तापे ने भी कई लोगों का रजिस्ट्रेशन कराया।

पीड़ितों को 4 दिसंबर को टाटा स्टील परिसर बुलाया गया था, लेकिन उसी दिन सूर्य प्रताप सिंह का मोबाइल बंद हो गया और वह गायब हो गया। इसके बाद लोगों को ठगी का पता चला।

पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि नौकरी के नाम पर किसी को भी पैसे न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *