LatestNewsNews postझारखण्ड

नेमरा में खराब 108 एम्बुलेंस पर बवाल, सड़क हादसे में घायल महिला की मौत; बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर उठाए सवाल

रामगढ़ जिले के नेमरा गांव में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। बताया जा रहा है कि यहां तैनात 108 एम्बुलेंस पिछले करीब एक महीने से खराब हालत में है और इमरजेंसी के समय उसे धक्का देकर स्टार्ट करना पड़ता है। रविवार सुबह सड़क दुर्घटना में घायल एक महिला की मौत के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया।

जानकारी के अनुसार हादसे में चार लोग घायल हुए थे। स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 108 पर कॉल किया। एम्बुलेंस पहुंची, लेकिन उसे चालू करने में 15 से 20 मिनट लग गए। घटनास्थल तक पहुंचने में भी देरी हुई। घायलों को गोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में एम्बुलेंस फिर बंद हो गई। दोबारा धक्का मारकर चालू किया गया, लेकिन तब तक घायल महिला ने दम तोड़ दिया।

इस घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की लापरवाही आम लोगों की जान पर भारी पड़ रही है। मरांडी ने सवाल उठाया कि एम्बुलेंस का नियमित रखरखाव क्यों सुनिश्चित नहीं किया जा रहा। फिलहाल इस घटना ने ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर बहस छेड़ दी है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *