नगर निकाय चुनाव: देवी शंकर दत्ता उर्फ काबू दत्ता को आजसू का समर्थन
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा में नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज होती जा रही है। इसी बीच अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर एक बड़ी राजनीतिक घटना सामने आई है। अध्यक्ष पद के नौ उम्मीदवारों के बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता देवी शंकर दत्ता उर्फ काबू दत्ता को आजसू पार्टी का समर्थन मिला है।


आज चाईबासा के रविंद्र भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो के निर्देश पर केंद्रीय सचिन शाह, कोल्हान प्रभारी सिद्धार्थ शंकर महतो के नेतृत्व में यह घोषणा की गई। प्रेस वार्ता में बताया गया कि नगर निकाय चुनाव में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार देवी शंकर दत्ता उर्फ काबू दत्ता को आजसू पार्टी का पूर्ण समर्थन रहेगा।
प्रेस वार्ता में वक्ताओं ने कहा कि काबू दत्ता हमेशा से शहर के विकास के लिए तत्पर रहे हैं। उनके द्वारा पूर्व में किए गए कार्यों को शहर की जनता आज भी याद करती है। इसी को देखते हुए आजसू पार्टी ने यह निर्णय लिया है कि नगर निकाय चुनाव में काबू दत्ता का समर्थन किया जाएगा और उनकी जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी पूरी ताकत लगाएगी।
उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भाजपा ने अध्यक्ष पद के उम्मीदवार रमेश खिरवार उर्फ लड्डू खिरवार को अपना समर्थन दिया था, जिससे काबू दत्ता नाराज बताए जा रहे थे।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए काबू दत्ता ने कहा कि उनकी लड़ाई अमीरी के खिलाफ है और इस चुनाव में गरीब जनता उनके साथ है। उन्होंने कहा कि वे पैसों के बल पर चुनाव नहीं जीत सकते, लेकिन जनता का विश्वास और समर्थन उनके साथ है। उन्होंने बताया कि पिछले 35 वर्षों से वे शहर के विकास में लगातार योगदान देते आ रहे हैं और हर वर्ग के लोग उन्हें भली-भांति जानते हैं।
इस अवसर पर आजसू जिला संयोजक दामू बानरा, जिला अध्यक्ष सुजीत गिरी सहित पार्टी के कई पदाधिकारी मौजूद थे। साथ ही सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष समर्थक भी प्रेस वार्ता में उपस्थित रहे।

