Newsझारखण्ड

नगर निकाय चुनाव की सरगर्मी तेज, अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव का जनसंपर्क अभियान युद्ध स्तर पर जारी

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर परिषद चुनाव को लेकर शहर में चुनावी माहौल पूरी तरह से गर्म हो गया है। अध्यक्ष पद के सभी नौ उम्मीदवारों के साथ-साथ 21 वार्डों के पार्षद प्रत्याशी भी अपने-अपने समर्थकों के साथ नगर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों में जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इसी क्रम में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव का जनसंपर्क अभियान भी लगातार तेज होता जा रहा है। आज सुनील प्रसाद साव के प्रवक्ता द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि वे युद्ध स्तर पर जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। इसके तहत उन्होंने नगर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर आम लोगों से सीधा संवाद किया। जनसंपर्क के दौरान वे घर-घर जाकर मतदाताओं से अपने पक्ष में वोट देने की अपील कर रहे हैं। इसके साथ ही मोहल्लों में छोटी-छोटी बैठकें कर स्थानीय लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुन रहे हैं। प्रवक्ता के अनुसार, जनसंपर्क अभियान के दौरान सुनील प्रसाद साव ने वार्डों की बुनियादी समस्याओं जैसे सड़क, नाली, पेयजल, सफाई और स्ट्रीट लाइट आदि से जुड़ी शिकायतों से अवगत होते हुए उनके शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और सभी वर्गों को साथ लेकर विकास कार्य किए जाएंगे। प्रेस विज्ञप्ति में यह भी बताया गया कि उनके जनसंपर्क अभियान में महिलाओं की भागीदारी अपेक्षाकृत अधिक देखने को मिल रही है। इसका कारण यह बताया गया कि सुनील प्रसाद साव महिलाओं की समस्याओं के समाधान और उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष रूप से तत्पर हैं। नगर में कुल मतदाताओं में महिलाओं की संख्या लगभग आधी होने के कारण महिलाओं का समर्थन मिलना उनके लिए सकारात्मक संकेत माना जा रहा है। आज के जनसंपर्क अभियान में सैकड़ों की संख्या में महिला और पुरुष समर्थक सुनील प्रसाद साव के साथ मौजूद रहे। इससे उनके अभियान को और मजबूती मिली है।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *