नगर निकाय चुनाव को लेकर चाईबासा में तेज हुई सरगर्मी, सुनील प्रसाद साव ने युद्ध स्तर पर शुरू किया जनसंपर्क
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी अब पूरी तरह तेज हो चुकी है। नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए मैदान में उतरे नौ उम्मीदवार अपने-अपने समर्थकों के साथ शहर के विभिन्न वार्डों, सड़कों और बाजारों में लगातार जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं। प्रत्याशी अपने चुनाव चिन्ह के साथ आम जनता से मुलाकात कर समर्थन और वोट की अपील कर रहे हैं।


इसी क्रम में अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव ने भी अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार को युद्ध स्तर पर तेज कर दिया है। उनके प्रवक्ता द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि सुनील प्रसाद साव ने आज सदर बाजार, बड़ी बाजार सहित शहर के विभिन्न मोहल्लों में जाकर लोगों से सीधे संवाद किया और अपने पक्ष में मतदान की अपील की।
जनसंपर्क अभियान के दौरान सुनील प्रसाद साव ने विभिन्न समुदायों और जाति समाज के लोगों के साथ बैठकें भी कीं। इन बैठकों में लोगों ने नगर परिषद से जुड़ी अपनी समस्याएं रखीं। प्रवक्ता के अनुसार, सुनील प्रसाद साव जहां भी पहुंचे, उन्होंने आम लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके समाधान का आश्वासन दिया।
प्रवक्ता ने यह भी कहा कि जिस प्रकार चाईबासा की जनता का भरोसा और उम्मीद सुनील प्रसाद साव के प्रति दिखाई दे रही है, उससे यह साफ संकेत मिलता है कि आगामी 23 तारीख को होने वाले मतदान में शहर की जनता उनके पक्ष में खुलकर मतदान करेगी।
जनसंपर्क के दौरान उनके साथ सैकड़ों की संख्या में समर्थक मौजूद रहे, जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी नजर आया।
नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर में लगातार बढ़ती गतिविधियों से यह स्पष्ट है कि आने वाले दिनों में चुनाव प्रचार और भी तेज होगा। सभी प्रत्याशी मतदाताओं को अपने पक्ष में करने के लिए पूरी ताकत झोंक चुके हैं और चाईबासा का चुनावी माहौल दिन-प्रतिदिन और गर्म होता जा रहा है।

