नगर निकाय चुनाव में गौड़ समाज की ऐतिहासिक जीत, आदित्यपुर व मानगो में दो प्रत्याशी बने पार्षद
जमशेदपुर,


नगर निकाय चुनाव के घोषित परिणामों में गौड़ समाज ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जमशेदपुर के आदित्यपुर और मानगो क्षेत्र से गौड़ समाज के दो उम्मीदवारों ने पार्षद पद पर जीत दर्ज कर समाज का मान बढ़ाया है।
आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड संख्या 25 से श्रीमती उत्तरा प्रधान ने शानदार जीत हासिल कर वार्ड पार्षद का पद प्राप्त किया है। वहीं मानगो नगर निगम के वार्ड संख्या 36 से ललिता कुमारी प्रधान ने भी ऐतिहासिक जीत दर्ज कर पार्षद पद पर कब्जा जमाया है।
इस अवसर पर गौड़ सेना के अध्यक्ष काशीनाथ प्रधान ने खुशी जताते हुए इसे पूरे गौड़ समाज की एकता और सेवा भावना की जीत बताया। उन्होंने कहा कि यह जीत समाज के राजनीतिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने चुनाव में सक्रिय रूप से सहयोग करने वाले सूरज गौड़, सुबोध गौड़, प्रदीप गौड़, चंद्रशेखर गौड़, चंदन गौड़, जयवीर गौड़, कृपा गोप, अभिलाष गौड़, पवन गौड़ सहित सभी युवा साथियों का आभार व्यक्त किया।
गौड़ सेना अध्यक्ष ने कहा कि आदित्यपुर और मानगो की जनता ने समाज के नेतृत्व पर जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का पूरा प्रयास किया जाएगा। नवनिर्वाचित पार्षद क्षेत्र के विकास और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेंगे।
उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं, समर्थकों और मतदाताओं का धन्यवाद देते हुए कहा कि समाज के युवाओं और बुजुर्गों के सहयोग से ही यह सफलता संभव हो पाई है। जल्द ही समाज की ओर से दोनों पार्षदों के सम्मान में एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा।

