नगर निकाय चुनाव में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी, आशा प्रसाद ने सुनील प्रसाद साव के समर्थन में किया जनसंपर्क
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी दिन-प्रतिदिन तेज होती जा रही है। अब इस चुनावी माहौल में महिलाओं की भागीदारी भी खुलकर सामने आने लगी है।


महिलाएं अपने-अपने प्रत्याशियों के समर्थन में घरों से निकलकर सड़कों पर उतर आई हैं और जनता से मतदान की अपील कर रही हैं।
इसी क्रम में नगर परिषद अध्यक्ष पद के उम्मीदवार सुनील प्रसाद साव की धर्मपत्नी आशा प्रसाद ने रविवार को अपने महिला संगठन के साथ जनसंपर्क अभियान चलाया।
उन्होंने चाईबासा शहर के विभिन्न मोहल्लों और वार्डों में जाकर महिलाओं और आम नागरिकों से सीधे संवाद किया और सुनील प्रसाद साव के पक्ष में मतदान की अपील की।
जनसंपर्क के दौरान आशा प्रसाद ने कहा कि सुनील प्रसाद साव शहर के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा, उनके सम्मान, सुविधाओं और मनोरंजन से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूत करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे अपने वोट के माध्यम से सुनील प्रसाद साव को सहयोग दें, ताकि शहर में महिलाओं के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
आशा प्रसाद ने कहा कि नगर परिषद में यदि सही नेतृत्व मिलेगा तो महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर प्रभावी ढंग से काम किया जा सकता है। इसके लिए जरूरी है कि महिलाएं आगे आकर अपने अधिकार का प्रयोग करें और सही प्रत्याशी को चुनें। उन्होंने महिलाओं से सहयोग, आशीर्वाद और मार्गदर्शन की भी अपील की।
इस जनसंपर्क अभियान के दौरान कई महिला वोटरों ने भी अपनी समस्याएं साझा कीं और समाधान की उम्मीद जताई। महिलाओं ने भरोसा दिलाया कि वे नगर के विकास और महिला हितों को ध्यान में रखते हुए मतदान करेंगी। अभियान के दौरान माहौल पूरी तरह चुनावी नजर आया और महिलाओं की बढ़ती भागीदारी ने चुनाव को नई दिशा दी।
नगर निकाय चुनाव में महिलाओं की इस सक्रियता से यह स्पष्ट है कि इस बार चाईबासा का चुनाव केवल राजनीतिक दलों तक सीमित नहीं, बल्कि आम जनता, विशेषकर महिलाओं की भागीदारी के साथ आगे बढ़ रहा है।

