नगर निकाय चुनाव में विकास और जनसेवा को लेकर मैदान में उतरे रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर निकाय चुनाव को लेकर चुनावी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है।


इसी क्रम में नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू ने अपनी उम्मीदवारी और भविष्य की योजनाओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से लगातार समाज और शहर की सेवा ही उनकी चुनावी मजबूती का आधार है।
रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू ने बताया कि वे लंबे समय से सामाजिक कार्यों से जुड़े हुए हैं और चाईबासा शहर की समस्याओं को नजदीक से समझते हैं। उनके अनुसार शहर में विकास की काफी संभावनाएं मौजूद हैं। यदि योजनाबद्ध तरीके से काम किया जाए तो चाईबासा को और बेहतर व सुंदर बनाया जा सकता है, जिससे सभी शहरवासियों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहरवासियों के लिए मनोरंजन के पर्याप्त साधन उपलब्ध नहीं हैं, जो एक बड़ी कमी है। इसके साथ ही जल निकासी की समस्या भी गंभीर बनी हुई है, जिस पर प्राथमिकता के आधार पर काम करने की जरूरत है। रमेश खिरवाल ने महिलाओं से जुड़ी समस्याओं की ओर भी ध्यान दिलाते हुए कहा कि शहर में महिलाओं के लिए विशेष सुविधाओं का अभाव है, जिसे दूर करने के लिए वे ठोस पहल करेंगे।
अध्यक्ष पद के प्रत्याशी ने कहा कि नगर परिषद चाईबासा के माध्यम से जो भी योजनाएं बनाई जाएंगी, उनका उद्देश्य केवल कागजों तक सीमित न रहकर उन्हें धरातल पर उतारना होगा। उनका प्रयास रहेगा कि योजनाओं का लाभ सीधे आम जनता तक पहुंचे।
उन्होंने आगे कहा कि अध्यक्ष बनने पर शहरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए एक टोल फ्री नंबर जारी किया जाएगा, ताकि लोग अपनी समस्याएं सीधे रख सकें और समाधान की प्रक्रिया तेज व पारदर्शी हो।
अंत में रमेश खिरवाल उर्फ लड्डू ने कहा कि जनता का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है, और वे इसी भरोसे के साथ चुनाव मैदान में हैं।

