नगरपालिका आम निर्वाचन 2026: नाम वापसी के बाद मैदान में बचे अभ्यर्थियों की संख्या जारी
चाईबासा: जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका), पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा की ओर से नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 के तहत अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने के बाद चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की संख्या से संबंधित प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है।


प्रेस विज्ञप्ति संख्या 21/2026 के अनुसार, चक्रधरपुर नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए कुल 05 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। इनमें 01 महिला अभ्यर्थी एवं 04 अन्य अभ्यर्थी शामिल हैं। वहीं, चक्रधरपुर नगर पालिका के वार्ड संख्या 06, 07 एवं 13 में निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हुआ है। शेष वार्डों (वार्ड संख्या 01 से 23) में पार्षद पद के लिए 36 महिला एवं 40 अन्य अभ्यर्थी, कुल 76 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं।
इधर, चाईबासा नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए कुल 09 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं, जिनमें कोई भी महिला अभ्यर्थी नहीं है। वहीं, नगर परिषद चाईबासा के वार्ड संख्या 01 से 21 तक पार्षद/सदस्य पद के लिए 51 महिला एवं 52 अन्य अभ्यर्थी, कुल 103 अभ्यर्थी चुनाव लड़ रहे हैं।
विशेष सूचना के तहत बताया गया है कि शनिवार, 07 फरवरी 2026 को पूर्वाह्न 11:00 बजे से निर्वाचन प्रतीक चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।

