Newsझारखण्ड

नगरपालिका चुनाव 2026 : चक्रधरपुर और चाईबासा में नामांकन प्रक्रिया तेज   

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिले में नगरपालिका चुनाव–2026 को लेकर नामांकन प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) के कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार चक्रधरपुर और चाईबासा नगर परिषद क्षेत्रों में नाम-निर्देशन प्रपत्रों की बिक्री और दाखिले का विवरण सामने आया है।

 

जारी प्रतिवेदन के अनुसार नगर परिषद चक्रधरपुर में अध्यक्ष पद के लिए अब तक कुल 13 नाम-निर्देशन प्रपत्रों की बिक्री हुई है, जिसमें 1 महिला और 12 पुरुष शामिल हैं। वहीं वार्ड संख्या 01 से 23 तक के लिए वार्ड पार्षद पद पर कुल 96 नाम-निर्देशन प्रपत्र बिके हैं, जिनमें 46 महिला और 50 पुरुष प्रत्याशी शामिल हैं।

इसी प्रकार नगर परिषद चाईबासा में अध्यक्ष पद के लिए अब तक कुल 10 नाम-निर्देशन प्रपत्रों की बिक्री की गई है, जिसमें सभी पुरुष प्रत्याशी हैं।

 

चाईबासा नगर परिषद के वार्ड संख्या 01 से 21 तक वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 103 नाम-निर्देशन प्रपत्र बिके हैं, जिनमें 48 महिला और 55 पुरुष प्रत्याशी शामिल हैं।

 

वहीं सोमवार, 02 फरवरी 2026 को नाम-निर्देशन दाखिल करने से संबंधित दैनिक प्रतिवेदन के अनुसार चक्रधरपुर नगर परिषद में अध्यक्ष पद के लिए 2 नामांकन दाखिल किए गए हैं। इसके साथ ही वार्ड संख्या 01 से 23 तक वार्ड पार्षद और सदस्य पद के लिए कुल 24 नामांकन पत्र जमा किए गए हैं।

 

चाईबासा नगर परिषद में भी नामांकन प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। यहां अध्यक्ष पद के लिए 2 नामांकन दाखिल हुए हैं, जबकि वार्ड संख्या 01 से 21 तक वार्ड पार्षद और सदस्य पद के लिए कुल 19 नामांकन पत्र जमा किए गए हैं।

 

जिला प्रशासन के अनुसार आगामी दिनों में नामांकन प्रक्रिया और तेज होने की संभावना है। नगर निकाय चुनाव को लेकर दोनों नगर परिषद क्षेत्रों में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ गई हैं और प्रत्याशी अपने-अपने समर्थन में सक्रिय रूप से जनसंपर्क कर रहे हैं।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *