नगरपालिका चुनाव 2026 को लेकर पीठासीन व प्रथम मतदान अधिकारियों का प्रथम चरण का प्रशिक्षण संपन्न
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त चंदन कुमार के निर्देशन में नगरपालिका (आम) चुनाव–2026 के सफल संचालन को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।


यह प्रशिक्षण सत्र स्कॉट मध्य विद्यालय, चाईबासा स्थित कक्ष में जिला शिक्षा अधीक्षक सह प्रभारी पदाधिकारी, प्रशिक्षण कोषांग की उपस्थिति में संपन्न हुआ।
नगरपालिका निर्वाचन–2026 के तहत अधिसूचित पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों के लिए आयोजित इस प्रथम चरण के प्रशिक्षण सत्र में कुल 220 निर्वाचन कर्मियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के दौरान वैलेट पेपर के माध्यम से मतदान की प्रक्रिया, मतदान दिवस की संपूर्ण कार्यप्रणाली तथा विभिन्न प्रपत्रों के संधारण पर विशेष जोर दिया गया।
मास्टर ट्रेनरों द्वारा मतदान कर्मियों के दायित्वों को विस्तार से समझाया गया। पीठासीन अधिकारियों को प्रपत्रों की भराई, आदर्श आचार संहिता के पालन तथा मतदान केंद्र पर आपसी समन्वय से संबंधित जानकारी दी गई। वहीं प्रथम मतदान अधिकारियों को मतदाता की पहचान, मतदाता सूची में नाम मिलान एवं अन्य प्रारंभिक कार्यों के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के माध्यम से मतदान कर्मियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी चुनाव संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

