Newsझारखण्ड

नगरपालिका चुनाव 2026: शस्त्र जमा नहीं करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, जिला स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक संपन्न  

 

 

चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित प्रकोष्ठ में शुक्रवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त चंदन कुमार और पुलिस अधीक्षक अमित रेनू की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रभारी जिला सामान्य शाखा देवेंद्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) शिवेंद्र, सदर चाईबासा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी तथा विशेष शाखा के पुलिस उपाधीक्षक हिमांशु मांझी उपस्थित रहे।

 

बैठक में बताया गया कि नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 को लेकर राज्य निर्वाचन आयोग, झारखंड द्वारा 5 फरवरी 2026 तक जिले के चाईबासा और चक्रधरपुर नगरपालिकाओं के शहरी क्षेत्रों में सभी शस्त्र अनुज्ञप्ति धारकों को अपने हथियार जमा कराने का निर्देश दिया गया है।

 

चाईबासा शहरी क्षेत्र में कुल 89 शस्त्र अनुज्ञप्ति जारी हैं, जिनमें से 69 लोगों ने अपने हथियार जमा कर दिए हैं। 15 व्यक्ति एवं संस्थाओं द्वारा शस्त्र जमा से छूट के लिए आवेदन दिया गया है, जिनमें 6 बैंक संस्थान शामिल हैं। वहीं 5 अनुज्ञप्ति धारकों ने अब तक अपने हथियार जमा नहीं कराए हैं।

 

इसी तरह चक्रधरपुर शहरी क्षेत्र में कुल 48 शस्त्र अनुज्ञप्ति जारी हैं। इनमें से 45 लोगों ने अपने हथियार जमा कर दिए हैं। यहां 1 बैंक संस्थान को छूट प्राप्त है, जबकि 2 अनुज्ञप्ति धारकों ने अपने शस्त्र अब तक जमा नहीं कराए हैं।

 

बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि दोनों शहरी क्षेत्रों में जिन अनुज्ञप्ति धारकों ने अब तक अपने हथियार जमा नहीं किए हैं, उन्हें सूचना देने के बाद यदि वे आज शाम तक शस्त्र जमा नहीं करते हैं तो उनकी अनुज्ञप्ति रद्द की जाएगी। साथ ही संबंधित हथियार जब्त करते हुए राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और विधिक प्रावधानों के अनुसार उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *