नगरपालिका चुनाव से पहले उत्पाद विभाग की बड़ी रेड — अवैध शराब का जखीरा बरामद, 3 गिरफ्तार
सरायकेला–खरसावां:


नगरपालिका निर्वाचन–2026 को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ा अभियान छेड़ दिया है। उपायुक्त के निर्देश पर जिलेभर में सघन छापेमारी और रात्रि गश्ती चल रही है।
इसी कड़ी में अधीक्षक उत्पाद क्षितिज विजय मिंज के नेतृत्व में आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बास्को नगर तथा गम्हरिया थाना क्षेत्र के यशपुर और जिलिंगोडा में विशेष छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान 105 लीटर अवैध चुलाई शराब, 3.6 लीटर नकली/अवैध विदेशी शराब और 1500 किलो जावा महुआ बरामद किया गया।

अभियान में तीन अभियुक्त गिरफ्तार हुए। बास्को नगर से पकड़े गए विजय जाना और नोगा पिंगुआ उर्फ जेके को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य के खिलाफ उत्पाद अधिनियम के तहत आगे की कार्रवाई जारी है।
जब्त की गई शराब और कच्चे माल को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत नष्ट किया जा रहा है।
उत्पाद विभाग ने साफ कहा है कि चुनावी अवधि में यह अभियान और तेज होगा। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि अवैध शराब की सूचना तुरंत प्रशासन को दें।

