नगरपालिका निर्वाचन-2026 को लेकर जिला स्तरीय बैठक, मतदान की तैयारियों की समीक्षा
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के मद्देनज़र आज पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त चंदन कुमार ने की।


बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित रेनू, चाईबासा नगर परिषद (वर्ग-ख) के सामान्य प्रेक्षक एजाज अनवर, व्यय प्रेक्षक विनय शंकर, चक्रधरपुर नगर परिषद (वर्ग-ख) के सामान्य प्रेक्षक उत्तम प्रसाद एवं व्यय प्रेक्षक वीरेंद्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार, सहायक समाहर्ता सिद्धांत कुमार, सभी कोषांगों के नोडल पदाधिकारी तथा अध्यक्ष और वार्ड पार्षद पद के सभी निर्वाची पदाधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में प्रेक्षकों को जानकारी दी गई कि जिले के अंतर्गत चाईबासा और चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में कुल 44 वार्ड, 87 मतदान केंद्र तथा कुल 81,609 मतदाता हैं। आगामी सोमवार 23 फरवरी 2026 को होने वाले मतदान के लिए द्वितीय रेंडमाइजेशन के बाद कुल 545 कर्मियों (रिजर्व सहित) का गठन कर मतदान दल तैयार किया गया है।
बताया गया कि बैलट पेपर के माध्यम से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए चक्रधरपुर नगर परिषद क्षेत्र में 136 तथा चाईबासा नगर परिषद क्षेत्र में 108 मतपेटियों का उपयोग किया जाएगा। इसके साथ ही कुल 100 वाहनों की व्यवस्था की गई है।
बैठक में यह भी बताया गया कि महिला कॉलेज चाईबासा में बज्रगृह एवं मतगणना कक्ष बनाया गया है, जबकि टाटा कॉलेज चाईबासा से मतदान दलों को निर्धारित समय पर रवाना किया जाएगा। आदर्श आचार संहिता के पालन को सुनिश्चित करने के लिए चक्रधरपुर नगर क्षेत्र में 4 एसएसटी टीम, चाईबासा नगर क्षेत्र में 7 एसएसटी टीम तथा दोनों नगर परिषद क्षेत्रों में दो-दो एफएसटी दल सक्रिय हैं।
नगरपालिका निर्वाचन-2026 के दौरान प्राप्त शिकायतों के निवारण के लिए हेल्पलाइन एवं नियंत्रण कक्ष मोबाइल नंबर 9835220231 के माध्यम से निर्वाचन समाप्ति तक कार्यरत रहेगा। साथ ही, सेक्टर मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस बल और मतदान दल को स्कॉट बालिका मध्य विद्यालय चाईबासा में प्रशिक्षण दिया गया है। सभी मतदान केंद्रों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था को भी सुदृढ़ किया
गया है।

