Newsझारखण्ड

निर्वाचन ड्यूटी के दौरान दिवंगत कर्मी के आश्रित को ₹15 लाख का अनुग्रह अनुदान

 

 

सरायकेला–खरसावाँ, 19 दिसंबर।

विधानसभा आम निर्वाचन–2024 के दौरान निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) स्व. प्रदीप गोआला के आकस्मिक निधन के उपरांत उनके आश्रित परिवार को भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अनुग्रह अनुदान राशि प्रदान की गई। उपायुक्त–सह–जिला निर्वाचन पदाधिकारी सरायकेला–खरसावाँ ने शुक्रवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में दिवंगत कर्मी की पत्नी प्रोतिभा गोआला को ₹15 लाख की अनुग्रह अनुदान राशि का चेक ससम्मान सौंपा।

 

इस अवसर पर उपायुक्त–सह–जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी को निर्देश दिया कि निर्वाचन कार्य के दौरान घटित किसी भी आकस्मिक घटना से जुड़े मामलों में भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आवश्यक दस्तावेजों का त्वरित सत्यापन करते हुए अनुग्रह अनुदान एवं अन्य अनुमन्य लाभों का भुगतान समयबद्ध, पारदर्शी और संवेदनशील तरीके से सुनिश्चित किया जाए।

 

जिला प्रशासन की ओर से दिवंगत कर्मी के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की गई। साथ ही यह आश्वासन दिया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आलोक में अन्य अनुमन्य लाभों के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।

 

कार्यक्रम के दौरान जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुरेन्द्र उराव, सशस्त्र सीमा बल बीएन–67 के कमांडेंट सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

Share this news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *