नितिन नवीन का निर्विरोध चयन: संगठन और कार्यकर्ताओं के विश्वास का प्रतीक, बोले अमरप्रीत सिंह काले
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर नितिन नवीन का निर्विरोध चयन संगठन के लिए गर्व और उत्साह का क्षण है। भाजपा झारखंड प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि यह चयन केवल पद की उपलब्धि नहीं, बल्कि करोड़ों कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और विश्वास का प्रतीक है।


अमरप्रीत सिंह काले ने बताया कि नितिन नवीन ने अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में संगठन के प्रति निष्ठा और कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदनशीलता का परिचय दिया है। उनके नेतृत्व और समर्पण ने उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व तक पहुँचाया है। निर्विरोध चयन इस बात का प्रमाण है कि पार्टी के सभी वर्ग उनके नेतृत्व पर भरोसा करते हैं।
उन्होंने कहा कि नितिन नवीन का जीवन संघर्ष, सादगी और सतत परिश्रम की प्रेरक मिसाल है। उनकी कार्यशैली और प्रतिबद्धता पूरे संगठन के लिए मार्गदर्शक हैं। अमरप्रीत सिंह काले ने जोर देकर कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा और अधिक सशक्त बनेगी और “राष्ट्र प्रथम” के संकल्प को नई ऊँचाइयों तक ले जाएगी।
प्रदेश प्रवक्ता ने कार्यकर्ताओं से भी आह्वान किया कि वे अपने नेतृत्व में संगठनात्मक मजबूती और सक्रियता बनाए रखें और नितिन नवीन के विजन को धरातल पर उतारने में सहयोग करें।

