नितिन प्रकाश को मिल रहा जनसमर्थन, वार्ड 5, 15 और 16 में चलाया जनसंपर्क अभियान
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष पद के प्रत्याशी नितिन प्रकाश को चुनाव प्रचार के दौरान विभिन्न वार्डों में लोगों का समर्थन मिल रहा है। बुधवार को उन्होंने वार्ड 5, 15, 16 के अलावा मेरी टोला, बड़ा नीमडीह और न्यू कॉलोनी क्षेत्र में डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान चलाया।


अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों ने उनका स्वागत किया और क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया। कई स्थानों पर छोटी सभाएं भी आयोजित की गईं, जिनमें महिलाएं, युवा और बुजुर्ग शामिल हुए। नितिन प्रकाश ने कहा कि वे जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे और नगर के विकास को प्राथमिकता देंगे।

नितिन प्रकाश पूर्व में चाईबासा चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष, ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष, कोल्हान विश्वविद्यालय के सीनेट सदस्य तथा फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रमंडलीय उपाध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं को समझते हुए उन्होंने विकास की रूपरेखा तैयार की है।
उन्होंने बताया कि उनकी प्राथमिकताओं में शहर का सुंदरीकरण, जर्जर सड़कों का निर्माण, गली-मोहल्लों में प्रकाश व्यवस्था, नालियों की नियमित सफाई, कचरा निष्पादन की व्यवस्था, महिलाओं के लिए पिंक टॉयलेट, जोड़ा तालाब का जीर्णोद्धार, आधुनिक बस पड़ाव का निर्माण, बाजारों की स्वच्छता, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, मुक्तिधाम क्षेत्र से कचरा निस्तारण, कचरा संयंत्र की स्थापना और रोरो नदी की सफाई शामिल हैं। साथ ही नगर परिषद के कार्यों को समयबद्ध और सरल बनाने की बात भी कही।

उन्होंने मतदाताओं से विकास और पारदर्शिता के मुद्दे पर समर्थन देने की अपील की तथा क्रम संख्या 3, चुनाव चिन्ह “चूड़ियाँ” पर मतदान करने का आग्रह किया।

