निवर्तमान उप विकास आयुक्त के सम्मान में जिला परिषद में विदाई समारोह
चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): सोमवार को जिला परिषद सभागार, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा में निवर्तमान उप विकास आयुक्त संदीप कुमार मीणा के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला परिषद के उपाध्यक्ष रंजीत यादव, कार्यपालक पदाधिकारी जिला परिषद, कार्यपालक अभियंता जिला परिषद, कनीय एवं सहायक अभियंता सहित जिला परिषद के सभी कर्मी उपस्थित रहे।


समारोह को संबोधित करते हुए उपाध्यक्ष रंजीत यादव ने निवर्तमान उप विकास आयुक्त द्वारा जिला परिषद, चाईबासा में अपने कार्यकाल के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था के प्रत्येक स्तर पर किए गए सुधारों की सराहना की। उन्होंने कहा कि उनके प्रयासों से कार्यालय में सौहार्दपूर्ण और पारिवारिक कार्य-संस्कृति का विकास हुआ।

इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य कुमारहूँगी शशीभूषण पिंगुआ, जिला परिषद सदस्या जोसफिन हमसाय, जिला परिषद सदस्य मंझारी माधव चन्द्र कुंकल एवं जिला परिषद सदस्या नोवामुंडी देवकी कुमारी ने निवर्तमान उप विकास आयुक्त की कार्यशैली, जिला परिषद को सशक्त बनाने में उनके योगदान और कर्तव्यनिष्ठा की प्रशंसा की। सभी सदस्यों ने उनके उज्ज्वल भविष्य और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
अपने संबोधन में निवर्तमान उप विकास आयुक्त ने अपने कार्यकाल के दौरान जिले के जनप्रतिनिधियों, जिला स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों तथा कर्मियों से मिले सहयोग और समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी पश्चिमी सिंहभूम जिले के हित में हर संभव सहयोग और मार्गदर्शन प्रदान करते रहेंगे।
इस मौके पर जिला परिषद के अनुसेवी मारकस गुड़िया के सेवानिवृत्त होने पर उन्हें भी सम्मानित किया गया। समारोह के अंत में कनीय अभियंता पार्थ सतपति ने धन्यवाद ज्ञापन किया, जिसके बाद कार्यक्रम का समापन हुआ।

