नोवामुंडी में खान सुरक्षा सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नोवामुंडी(प्रकाश कुमार गुप्ता): 63वें वार्षिक धातुई खान सुरक्षा सप्ताह-2025 के अवसर पर खान सुरक्षा महानिदेशालय (डीजीएमएस) के तत्वावधान में टाटा स्टील की नोवामुंडी आयरन माइन द्वारा एमई स्कूल मैदान में शुक्रवार को प्रचार एवं प्रसार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य खदान कर्मियों, ठेका श्रमिकों एवं स्थानीय समुदाय के बीच खान सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।


कार्यक्रम में डीजीएमएस, चाईबासा क्षेत्र के खान सुरक्षा निदेशक राकेश रामेश्वर मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे, जबकि टाटा स्टील ओएमक्यू के महाप्रबंधक अतुल कुमार भटनागर सम्मानित अतिथि रहे। इस अवसर पर डीजीएमएस के खान सुरक्षा उपनिदेशक सुधीर आर, सेल के वरिष्ठ अधिकारी चंद्र भूषण कुमार (सीजीएम, गुआ), कमलेश राय (सीजीएम, किरीबुरू), संजय कुमार सिंह (जीएम, मेघाहातुबुरू), डी. विजयेंद्र सहित नोवामुंडी और आसपास के क्षेत्रों के अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे मौजूद थे।

कार्यक्रम के दौरान खदानों में लोगों और मशीनों की सुरक्षा से जुड़ी पहलों को दर्शाने वाले स्टॉल और मॉडल प्रदर्शित किए गए। इसके साथ ही सुरक्षा पोस्टर प्रदर्शनी, नारा लेखन प्रतियोगिता, सुरक्षा प्रश्नोत्तरी, नुक्कड़ नाटक, सुरक्षा वार्ता, जागरूकता रैली और ऑडियो-विजुअल प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। इन गतिविधियों के माध्यम से इस वर्ष की थीम “स्वस्थ कामगार, सुरक्षित खदान” पर जोर दिया गया।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सुरक्षित कार्य संस्कृति नियमों के साथ-साथ निरंतर जागरूकता, अनुशासन और सभी की भागीदारी से ही विकसित होती है। उन्होंने सभी कर्मियों से सुरक्षा मानकों का पालन करने और असुरक्षित स्थितियों की तुरंत जानकारी देने की अपील की।
कार्यक्रम में कर्मचारियों, ठेका श्रमिकों, यूनियन प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी रही। नोवामुंडी आयरन माइन प्रबंधन ने डीजीएमएस, अतिथियों, आयोजन समिति और सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

