ओबीसी छात्रों को गुमराह कर रही है भाजपा : एनएसयूआई
10 जनवरी 2026 को लोकभवन, रांची का घेराव करेगी एनएसयूआई


चाईबासा(प्रकाश कुमार गुप्ता): कांग्रेस के छात्र संगठन एनएसयूआई द्वारा आगामी 10 जनवरी 2026 को बड़े पैमाने पर लोकभवन, रांची का घेराव किया जाएगा। इसको लेकर सोमवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में आयोजित कार्यक्रम में एनएसयूआई जिलाध्यक्ष अनीष गोप ने भाजपा पर ओबीसी छात्रों को छात्रवृत्ति के नाम पर गुमराह करने का आरोप लगाया।
अनीष गोप ने कहा कि एक ओर केंद्र सरकार राज्य को छात्रवृत्ति की राशि उपलब्ध नहीं करा रही है, वहीं दूसरी ओर भाजपा के नेता छात्रवृत्ति को लेकर बयानबाजी कर सहानुभूति बटोरना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2023-24 में छात्रवृत्ति मद में केंद्र सरकार से 271 करोड़ रुपये की मांग की थी, लेकिन केवल 77 करोड़ रुपये ही प्राप्त हुए। इसी तरह 2024-25 में 253 करोड़ रुपये मांगे गए, जिसमें मात्र 33 करोड़ रुपये मिले। वहीं 2025-26 में 370 करोड़ रुपये की मांग के विरुद्ध सिर्फ 13 करोड़ रुपये ही केंद्र से प्राप्त हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस पर भाजपा नेताओं को जवाब देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और महागठबंधन की सरकार छात्रों की छात्रवृत्ति को लेकर गंभीर है। इसी को लेकर एनएसयूआई 10 जनवरी 2026 को लोकभवन, रांची का घेराव कर यह मांग करेगी कि लोकभवन लोकहित में काम करे और केंद्र में फंसी छात्रवृत्ति की राशि राज्य सरकार को उपलब्ध कराई जाए।
मौके पर कांग्रेस के जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि केंद्र सरकार यह आरोप लगा रही है कि राज्य सरकार ने उपयोगिता प्रमाण पत्र नहीं दिया, जबकि सच्चाई यह है कि छात्रवृत्ति के मामले में उपयोगिता प्रमाण पत्र की आवश्यकता नहीं होती। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ बोलकर छात्रों, युवाओं और महिलाओं को गुमराह कर रही है। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि यदि वे सच में छात्रवृत्ति चाहते हैं तो दलगत भावना से ऊपर उठकर एनएसयूआई के आंदोलन में शामिल हों।
कार्यक्रम में एनएसयूआई जिला महासचिव नितिन गोप, सचिन बिरुवा, वरीय कांग्रेसी संतोष सिन्हा, जुम्बल सुंडी, अजय कुमार, संजय साव, कार्यालय सचिव सुशील दास सहित अन्य लोग उपस्थित

