पाकुड़ DC मनीष कुमार ने मौंथा चक्रवात से प्रभावित धान फसलों का किया निरीक्षण, किसानों को राहत का भरोसा
पाकुड़ में शनिवार को उपायुक्त मनीष कुमार ने मौंथा चक्रवात से प्रभावित धान की फसलों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने बहिरग्राम और झिकरहटी पंचायतों का दौरा कर खेतों में हुए जलजमाव और फसलों की क्षति का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त ने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन हर संभव मदद प्रदान करेगा।


उपायुक्त ने कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि बिरसा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल क्षति का आकलन पारदर्शी और शीघ्रता से किया जाए, ताकि प्रभावित किसानों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कृषक मित्र अपने क्षेत्र की वास्तविक स्थिति का जियो-टैग फोटो रिपोर्ट तैयार करें, जिससे नुकसान का सही मूल्यांकन किया जा सके।
मनीष कुमार ने स्पष्ट किया कि किसानों के हित प्रशासन की प्राथमिकता में हैं और किसी पात्र किसान को मुआवजे से वंचित नहीं रखा जाएगा। उन्होंने कृषि विभाग को बीमा कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर सटीक मूल्यांकन और शीघ्र राहत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला कृषि पदाधिकारी और संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

