पाकुड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई: प्रतिबंधित लॉटरी और अवैध शराब के साथ 2 गिरफ्तार
पाकुड़ पुलिस ने प्रतिबंधित लॉटरी और अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी अजय आर्यन के नेतृत्व में एक विशेष टीम बनाई गई थी, जो लगातार अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही थी। इसी क्रम में शनिवार को मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र में पुलिस को अहम सफलता मिली।


बहिरग्राम मोड़ स्थित मंतोष चाय-अंडा दुकान पर छापेमारी के दौरान दुकान मालिक मंतोष साहा के पास से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित लॉटरी टिकट और बीयर की बोतलें बरामद की गईं। पुलिस ने गॉडफादर कंपनी की 4 और किंगफिशर की 2 बीयर बोतलें भी जब्त कीं। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
टीम ने बनपाड़ा में भी अभियान चलाया, जहां पुलिस को देख एक अपाची बाइक (JH16-8884) सवार युवक भागने लगा। उसे पकड़ा गया और पहचान दिलीप साहा उर्फ बप्पी साहा के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से लॉटरी टिकट मिले और मोबाइल फोन में लॉटरी कारोबार से जुड़े फोटो तथा चैट्स पाए गए।
दोनों पर प्रतिबंधित लॉटरी बेचने, गलत प्रलोभन देकर लोगों को ठगने और दुकान में अवैध शराब रखने का आरोप है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसपी ने कहा कि जिले में ऐसे अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

